जाटोवाला में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन, कई परिवारों को मिला स्वास्थ्य लाभ

देहरादून। हील फाउंडेशन (Health, Education, Environment & Empowering Lives Foundation) द्वारा ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, धूलकोट के सहयोग से रविवार को ग्राम जाटोवाला, देहरादून में एक नि:शुल्क सामान्य चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का आयोजन सुबह 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक किया गया, जिसमें क्षेत्र के कई परिवारों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।

कार्यक्रम का उद्घाटन ग्राम जाटोवाला के पूर्व प्रधान हारून अली द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं, क्योंकि इससे लोगों को अपने ही क्षेत्र में विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श और उपचार की सुविधा मिलती है।

कार्यक्रम में हील फाउंडेशन के प्रोग्राम डायरेक्टर विवेक कुमार शर्मा, प्रोग्राम हेड प्रमोद सिंह चौहान, ग्राफिक एरा हॉस्पिटल के मार्केटिंग प्रतिनिधि धीरज ठाकुर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर शिविर के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

शिविर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान की, जिसमें डॉ. मुकुल चौहान (हड्डी रोग विशेषज्ञ), डॉ. मंदीप गिल (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. ऋशाली हसीजा (स्त्री रोग विशेषज्ञ), डॉ. अंकिता तोमर (मेडिसिन विशेषज्ञ) तथा डॉ. हृदयेश (नेत्र रोग विशेषज्ञ) शामिल रहे। डॉक्टरों ने ग्रामीणों की जांच कर उन्हें स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया।

इस चिकित्सा शिविर में मरीजों को नि:शुल्क सामान्य एवं आंतरिक रोग परामर्श, नेत्र रोग जांच, हड्डी रोग जांच एवं परामर्श, जनरल सर्जरी परामर्श तथा स्त्री एवं बाल रोग जांच एवं परामर्श की सुविधाएं प्रदान की गईं। इसके साथ ही मरीजों की बीपी, शुगर, ऑक्सीजन तथा पल्स की जांच भी नि:शुल्क की गई और जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क सामान्य औषधियां वितरित की गईं।

इस दौरान ग्राफिक एरा हॉस्पिटल की ओर से जानकारी दी गई कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत ग्राफिक एरा हॉस्पिटल, धूलकोट में विभिन्न प्रकार के रोगों के उपचार की सुविधा उपलब्ध है तथा अस्पताल आयुष्मान, ईसीएचएस, सीजीएचएस और प्रमुख स्वास्थ्य बीमा कंपनियों के पैनल में शामिल है।

आयोजकों ने बताया कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *