देहरादून। अकेशिया पब्लिक स्कूल में गुरूवार को मजदूर दिवस पर आधारित एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के छात्र अभिनव द्वारा मजदूर दिवस पर प्रभावशाली भाषण से हुई, जिसमें उन्होंने श्रमिकों के योगदान और उनके महत्व पर प्रकाश डाला।

इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विशेष रूप से कक्षा सात के विद्यार्थियों ने सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर सभी को आनंदित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य पूजा मारिया ने धन्यवाद भाषण देते हुए बच्चों को मजदूर दिवस के महत्व के बारे में बताया और उन्हें विद्यालय के सहायक कर्मचारियों का सदैव सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद विद्यालय की निदेशक रमनदीप कौर ढिल्लों ने भी अपने विचार साझा किए और सभी विद्यार्थियों से विद्यालय को स्वच्छ रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के चेयरमैन द्वारा सहायक कर्मचारियों को उपहार भेंट कर उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय श्रमिकों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान की भावना से ओत-प्रोत नजर आया।