
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) एवं देवभूमि के सपूत श्री अजीत डोभाल के खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणियों पर बेहद तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मुख्यमंत्री धामी ने इसे देवभूमि के गौरव का अपमान बताते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी से अपना स्टैंड साफ करने की मांग की है.
प्रेस को जारी एक बयान में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा और देश की सीमाओं की संप्रभुता जैसे संवेदनशील मामलों पर किसी भी राजनीतिक दल के नेता को बयानबाजी करते वक्त मर्यादा और तथ्यों की गंभीरता का ध्यान रखना चाहिए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीतिक दलों के बीच विचारधारा और चुनावी रणनीतियों को लेकर मतभेद होना लोकतंत्र का एक स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन बात जब देश की सुरक्षा और सेना या सामरिक पदों पर बैठे लोगों की हो, तो सार्वजनिक संवाद में मर्यादा बनी रहनी चाहिए।
- क्या उत्तराखंड कांग्रेस के नेता देश और प्रदेश के गौरव के साथ खड़े हैं या वे राहुल गांधी के इन विवादित बयानों का मौन समर्थन कर रहे हैं?
- क्या उत्तराखंड कांग्रेस के स्थानीय बड़े नेता अपने केंद्रीय नेतृत्व (राहुल गांधी) से इन अपमानजनक टिप्पणियों के संबंध में सवाल पूछने का साहस दिखाएंगे?
- क्या कांग्रेसी नेता राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार श्री अजीत डोभाल जी के प्रति अपना सम्मान सार्वजनिक रूप से व्यक्त करेंगे?




