गंगोत्री धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद

उत्तरकाशी। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा समापन की ओर बढ़ रही है। इसी क्रम में मंगलवार को विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम के कपाट अन्नकूट पर्व पर 12:05 बजे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। मां गंगा की उत्सव डोली ढोल-दमाऊं और सेना बैंड की धुनों के बीच जयकारों के साथ शीतकालीन प्रवास मुखवा के लिए रवाना हुई। हजारों श्रद्धालु इस खास पल के साक्षी बने।
मंदिर में तड़के 4:00 बजे से पूजा-अर्चना शुरू हो गई थी। सुबह 8:30 बजे कपाटबंदी की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई। परंपरा के अनुसार मां गंगा की स्वयंभू मूर्ति से मुकुट सहित अन्य कलेवर उतारे गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा के निर्वाण दर्शन किए। श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष धर्मानंद सेमवाल और सचिव सुरेश सेमवाल ने बताया कि निर्धारित मुहूर्त में कपाट बंद किए गए।
तीर्थ पुरोहितों की अगुवाई में निकली डोली मंगलवार रात मार्कंडेय पुरी स्थित देवी मंदिर में विश्राम करेगी। बुधवार को सोमेश्वर देवता की अगवानी में डोली मुखवा पहुंचेगी, जहां मां गंगा की उत्सव प्रतिमा को गंगा मंदिर में विराजमान किया जाएगा।
भैयादूज बुधवार 11 नवंबर को बंद होंगे केदारनाथ व यमुनोत्री के कपाट
केदारनाथ और यमुनोत्री धाम में कपाट बंदी की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई ई हैं हैं। बुधवार को भैया दूज के पावन पर्व पर शीतकाल के लिए दोनों धामों के कपाट बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद बाबा केदार के दर्शन ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर और यमुना की पूजा अर्चना खरसाली में की जाएगी।




